यहाँ पर एक पति ने अपनी पत्नी को मारने की कोशिश कर खुद फांसी लगा ली. वो भी सिर्फ शक के चलते. घटना सिविल लाइन थाने के दीनदयाल कॉलोनी की है. यहां रहने वाले अविनाश नाम के एक शख्स ने अपनी पत्नी को इसीलिए जान से मारने की कोशिश की क्योकि वह फ़ोन पर किसी दूसरे व्यक्ति से बाते कर रही थी.

हुआ यूं कि टाइल मिस्त्री अविनाश अपने काम के लिए सुबह निकला. दोपहर में वह करीब 2 बजे घर वापस आया. घर वापस आने पर देखा कि उसकी पत्नी पूजा किसी व्यक्ति से फ़ोन पर बात कर रही थी. अविनाश ने उसे रंगों हाथों पकड़ लिया. दोनों के बीच काफी बहस हुई. फिर अविनाश ने गुस्से में आकर पूजा के गले व दाहिने हाथ की कलाई पर हमला कर दिया. पूजा खून से लथपथ घर से भागी.

भागकर वह पड़ोस में मुमताज के घर पहुची. वहां जाकर वह गिरकर बेहोश हो गयी. अविनाश वहां जाकर उसे मारने की बात कहने लगा. उसके बाद वह घर वापस लौट गया. मुमताज ने पूजा को खून से लथपथ देखा और डायल 112 को सूचना दी. सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल पूजा को सिम्स ले जाकर भर्ती किया.

इसके बाद जब वे अविनाश के घर पहुचे तो देखा कि अविनाश ने फांसी लगा ली है. उसने ब्लेड से खुद के गले में और बाएं हाथ की कलाई भी काट ली थी. मृतक अविनाश के पड़ोसी सादिक व उसकी मां मुमताज ने बताया कि अविनाश और पूजा के बीच पिछले दो सालों से झगड़ा हो रहा था. झगड़े की जड़ यह थी कि पूजा फ़ोन पर किसी आदमी से बात करती थी. इसी खुन्नस में कुछ दिनों पहले अविनाश ने पूजा का फ़ोन पटककर तोड़ दिया था.

लेकिन पूजा ने कहीं से दूसरे फ़ोन का इंतजाम कर लिया. वारदात के दिन पूजा को फ़ोन पर बातें करते देख अविनाश ने उसपर जानलेवा हमला कर दिया. हमला करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली. दोनों की शादी 6 साल पहले हुई थी. अविनाश की पत्नी पूजा वस्त्रकार दिल्ली की रहने वाली थी. दोनों के दो बच्चे, 4 वर्ष का आर्यन और 2 वर्ष का आयुष हैं