पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से एक ऐसे आदेश जारी किए गए हैं, जो शायद आपने कभी सुने नहीं होंगे। यहां हाईकोर्ट की ओर से नाभा की मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल में बंद गैंगस्टर की शादी जेल अंदर बने गुरुद्वारा साहिब में कराने के आदेश दिए गए हैं और जिसके लिए यहां जेल प्रशासन की ओर से प्रबंध शुरू कर दिए गए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : Social MediaThird party image reference
दरअसल मनदीप सिंह नाम का गैंगस्टर डबल मर्डर केस में नाभा की मैक्सिमम सिक्योरिटी जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है। यहां गैंगस्टर की ओर से अपनी शादी कराने के लिए हाईकोर्ट में एक महीने की छुट्टी के लिए अर्जी दी गई थी। अदालत से छुट्टी तो मंजूर नहीं हुई, हां जेल के अंदर ही शादी के सारे प्रबंध पूरे करने के आदेश जरूर दे दिए गए। 
गैंगस्टर की ओर से शादी के लिए यहां साल 2016 में भी छुट्टी की मांग की गई थी। मगर पुलिस की रिपोर्ट पर छुट्टी नामंजूर हो गई थी। अब एक महीने पहले फिर से मनदीप की ओर से दी गई छुट्टी संबंधी अर्जी पर यह फैसला दिया गया है। यहां हाईकोर्ट की ओर से नाभा जेल प्रशासन से इस शादी के लिए प्रबंध करने के लिए पूछा गया था।
इस पर यहां जेल प्रशासन की ओर से अपनी रिपोर्ट में जेल के अंदर सारे प्रबंध करने का भरोसा दिया गया था और गैंगस्टर मनदीप सिंह के परिवार के सदस्यों की ओर से हाईकोर्ट को अपील की गई थी कि शादी एक शगुन वाला दिन होता है, जो जेल अंदर सही नहीं लगता है। इस पर जेल के बाहर शादी करने की अनुमति दी जाए और साथ ही परिवार ने सुरक्षा व सारा खर्च उठाने की भी अपील की। 
जेल प्रशासन की ओर से यहां जेल में गुरुद्वारा साहिब सुशोभित होने का हवाला देकर अंदर ही शादी कराने की अपील की। इसे हाईकोर्ट ने मंजूर कर लिया। यहां जेल के अंदर बने गुरुद्वारा साहिब में शादी के लिए मनदीप सिंह को छह घंटे बाहर आने की इजाजत होगी। शादी किस दिन होगी, अभी तक यह तय नहीं हुआ है। 
नाभा जेल के सुपरिंटेंडेंट रमनदीप सिंह भंगू ने कहा कि हाईकोर्ट ने जेल के अंदर शादी कराने संबंधी पूछा था, जिस पर सारे प्रबंध पूरे करने का भरोसा दिया था और इस पर उन्होंने कहा कि फिलहाल शादी संबंधी कोई तारीख तय नहीं हुई, लेकिन जेल प्रशासन की तरफ से यहां सारे प्रबंध किए जा रहे हैं।

फोटो : Social MediaThird party image reference
10 वर्षों से जेल में बंद है गैंगस्टर
हाईकोर्ट की ओर से जिस कैदी की शादी का प्रबंध नाभा जेल में करने के आदेश दिए गए हैं, यहां वह मोगा जिले से संबंधित एक सरपंच व उसके गनमैन के डबल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट रहा है और यहां वह पिछले 10 वर्षों से जेल में बंद है।
हाईकोर्ट की ओर से दिए इस फैसले को यहां कैदियों के सुधार से जोड़कर देखा जा रहा है। समाज सेवकों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति शादी के बंधन में बंध जाता है, तो उसके अंदर सुधार की इच्छा और बढ़ जाती है।